/
Comments Off on Message from Director
/
School Reports,svmtalwara.org
वंदे मातरम्!
शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। हमारा विश्वास है कि प्रत्येक विद्यार्थी में असीम संभावनाएँ निहित हैं। आवश्यकता है उन्हें सही दिशा, संस्कार, अवसर और प्रेरणा प्रदान करने की।
एस.डी. सर्वहितकारी विद्या मंदिर, तलवाड़ा में हमारा निरंतर प्रयास है कि विद्यार्थियों को ऐसी गुणवत्तापूर्ण एवं मूल्यपरक शिक्षा प्रदान की जाए, जो उन्हें शैक्षणिक रूप से उत्कृष्ट बनाने के साथ-साथ संस्कारवान, आत्मविश्वासी, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक भी बनाए।
वर्तमान वर्ष 'वंदे मातरम्' की गौरवशाली विरासत और राष्ट्रभावना के प्रति समर्पित है। यह हमारे लिए केवल एक गीत का स्मरण नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति समर्पण, त्याग, एकता, स्वाभिमान और कर्तव्यबोध को अपने जीवन में आत्मसात करने का अवसर है। हम चाहते हैं कि हमारे विद्यार्थी भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से जुड़ें और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सार्थक भूमिका निभाएँ।
हमारा संकल्प है कि परंपरा और आधुनिकता, संस्कार और विज्ञान तथा ज्ञान और कौशल के समन्वय से विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जाए।
इस यात्रा में अभिभावकों, शिक्षकों और समाज का सहयोग हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। आइए, हम सब मिलकर ऐसी पीढ़ी का निर्माण करें जो ज्ञान में श्रेष्ठ, आचरण में उत्कृष्ट और राष्ट्र के प्रति समर्पित हो।
आइए, शिक्षा को संस्कार, संस्कार को शक्ति और शक्ति को राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाएँ।
सादर,
अंजू शर्मा
डायरेक्टर
एस.डी. सर्वहितकारी विद्या मंदिर, तलवाड़ा